धार जिले में शीतलहर के दृष्टिगत : विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन
Sun, Jan 4, 2026
धार 4 जनवरी 2026।
कलेक्टर के आदेशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी, धार द्वारा जिले में तापमान में निरंतर गिरावट को दृष्टिगत रखते हुए शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर संभावित प्रतिकूल प्रभाव की संभावना को ध्यान में रखते हुए आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेशानुसार धार जिले के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदानप्राप्त, मान्यता प्राप्त, सी.बी.एस.ई. एवं अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाएँ प्रातः 9:30 बजे से पूर्व संचालित नहीं की जाएँगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। संबंधित विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्यावरण संरक्षण की पहल में : देपालपुर से एक नाम बना मिसाल
Sat, Jan 3, 2026
देपालपुर। नगरीय विकास एवं आवास विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित अमृत हरित महाअभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण और शहरी हरितीकरण को गति देने की दिशा में देपालपुर नगर परिषद की सक्रिय भागीदारी को सम्मानित किया गया। इंदौर नगरीय प्रशासन एवं विकास के संयुक्त संचालक सूर्या सिन्हा ने नगर परिषद देपालपुर के प्रतिनिधि जगदीश सिसोदिया को अभियान में उल्लेखनीय सहभागिता के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
यह प्रमाण पत्र 24 दिसंबर 2025 को आयोजित एक दिवसीय संभाग स्तरीय कार्यशाला में सहभागिता के उपलक्ष्य में प्रदान किया गया। कार्यशाला का आयोजन नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा किया गया, जिसमें शहरी क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने, सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की प्राप्ति, जलवायु परिवर्तन न्यूनीकरण तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर विस्तृत तकनीकी विमर्श हुआ।
संयुक्त संचालक श्री सिन्हा ने इस अवसर पर कहा कि अमृत हरित महाअभियान का उद्देश्य नगरीय निकायों को वृक्षारोपण, हरित पट्टियों के विकास, जैव विविधता संरक्षण और जनभागीदारी आधारित पर्यावरणीय गतिविधियों के माध्यम से हरित और स्वच्छ शहरों की ओर अग्रसर करना है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि देपालपुर नगर परिषद भविष्य में भी जनसहयोग से वृक्षारोपण, संरक्षण एवं संवर्धन की गतिविधियों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करेगी।
प्रमाण पत्र प्राप्त करने पर श्री जगदीश सिसोदिया ने कहा कि नगर परिषद द्वारा पृथ्वी को हरित एवं समृद्ध बनाने के लिए जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि अमृत हरित महाअभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाया जा सके।
देपालपुर में अतिक्रमण पर सख्ती: : इंदौर नाका से पुलिस थाने तक चला नगर परिषद का अभियान
Fri, Jan 2, 2026
स्वच्छता मिशन को गति: सीएमओ की मौजूदगी में मुख्य मार्गों से हटाया गया अतिक्रमण
देपालपुर |
नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं मुख्य नगर अधिकारी (सीएमओ) के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद नगर परिषद अमले ने शुक्रवार शाम को नगर के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की सघन कार्रवाई शुरू की। अभियान की शुरुआत इंदौर नाका से की गई, जो देपालपुर पुलिस थाने की पुलिया तक लगातार जारी रही। कार्रवाई के दौरान मुख्य मार्गों से सटी दुकानों के बाहर रखे गए चद्दर सेट, अस्थायी शेड, विज्ञापन बोर्ड एवं अन्य अतिक्रमणकारी सामग्री को हटाया गया। नगर परिषद अमले की कार्रवाई से कुछ स्थानों पर दुकानदारों और कर्मचारियों के बीच हल्की नोकझोंक की स्थिति भी बनी, लेकिन अधिकारियों द्वारा समझाइश देने के बाद मामला शांत हो गया और अभियान निर्बाध रूप से आगे बढ़ा। नगर परिषद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और स्वच्छता मानकों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। उल्लेखनीय है कि नगर निगम इंदौर द्वारा देपालपुर नगर को स्वच्छता के दृष्टिकोण से गोद लिया गया है, जिसके तहत नगर को साफ-सुथरा और अतिक्रमण मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि सड़कों से सटे कई बिजली के पोल अतिक्रमण को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण दे रहे हैं। पोलों के आसपास दुकानदारों द्वारा टीन शेड, बैनर, बोर्ड एवं अन्य संरचनाएं खड़ी कर ली गई हैं, जिससे मार्ग संकीर्ण हो रहे हैं। नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि मुख्य मार्गों के किनारे लगे बिजली के पोलों को हटाकर सुरक्षित दूरी पर स्थानांतरित किया जाए, तो अतिक्रमण पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है और सड़कों की वास्तविक चौड़ाई भी स्पष्ट रूप से सामने आएगी। शुक्रवार शाम को हुई इस अतिक्रमण हटाओ मुहिम में सीएमओ बहादुर सिंह रघुवंशी स्वयं मौके पर मौजूद रहे। उनके साथ नगर परिषद का पूरा अमला तैनात रहा, जिसने नियमानुसार कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
संलग्न फोटो:-