देपालपुर में वर्ष की अंतिम नेशनल लोक अदालत संपन्न : जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान की उपस्थिति में वैवाहिक विवादों का हुआ सौहार्दपूर्ण समाधान
SANDEEP SEN Editor
Sat, Dec 13, 2025
देपालपुर। न्यायालय परिसर देपालपुर में वर्ष 2025 की अंतिम नेशनल लोक अदालत का आयोजन शनिवार को गरिमामय वातावरण में किया गया। लोक अदालत का उद्देश्य आपसी सहमति से लंबित मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण करना रहा। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान, अन्य माननीय न्यायाधीशगण एवं अभिभाषक संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। लोक अदालत के दौरान वैवाहिक विवादों के प्रकरणों में मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए पक्षकारों को समझाइश दी गई। न्यायालय के मार्गदर्शन एवं परामर्श से मायाबाई–अर्जुन तथा जूली–प्रवीण के बीच आपसी मतभेद समाप्त कर समझौता कराया गया। समझौते के पश्चात दोनों दंपतियों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर पुनः वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की, जिससे न्यायालय परिसर में भावुक एवं सकारात्मक माहौल देखने को मिला।जिला न्यायाधीश श्री खान ने अपने संबोधन में कहा कि नेशनल लोक अदालत न केवल समय और धन की बचत करती है, बल्कि परिवारों को टूटने से बचाकर सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती है। उन्होंने सभी पक्षकारों से आपसी संवाद और सहमति के माध्यम से विवादों के समाधान की अपील की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। लोक अदालत के माध्यम से अनेक प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर न्याय की सुलभता को सशक्त किया गया।
Tags :
न्यायालय देपालपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन