सगड़ौद में विकास की रफ्तार : विधायक ने पुलिया व भवन निर्माण का लिया जायजा
SANDEEP SEN Editor
Sun, Dec 21, 2025
चंबल पुलिया से सामुदायिक भवन तक, सगड़ौद में जारी कार्यों की हुई समीक्षा
देपालपुर। विधायक मनोज निर्भयसिंह पटेल ने देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सगड़ौद का दौरा कर शासन द्वारा स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चंबल नदी पर लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत पुलिया निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को कार्य गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। विधायक ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि पुलिया निर्माण से क्षेत्र के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी और बरसात के मौसम में होने वाली समस्याओं से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम में निर्माणाधीन श्रीराम क्षत्रिय कलोता धर्मशाला का निरीक्षण किया तथा 15 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से बनाए जा रहे सामुदायिक भवन के कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन का निर्माण पूर्ण होने पर ग्रामवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए एक स्थायी सुविधा उपलब्ध होगी। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान पूर्व सरपंच वासुदेव मकवाना, मोहनसिंह मकवाना (मंत्री), नरपत सेठ, उपसरपंच विनोद, राधेश्याम चौहान, राजेश मकवाना, राजा भैया, वासुदेव चक्की वाला, जितेंद्र चौहान, जीवन मकवाना, बंशी चौहान, ओमप्रकाश मकवाना, सतीश मकवाना सहित बड़ी संख्या में ग्राम के वरिष्ठजन एवं नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष स्थानीय समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझाव भी रखे, जिन पर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन