देपालपुर में वीरांगना पुरी मां कीर की 314वीं जयंती पर जनसैलाब : कीर समाज की पहली ऐतिहासिक भगवा रैली, श्रद्धा–उत्साह और सामाजिक जागरण का भव्य संगम
SANDEEP SEN Editor
Thu, Dec 11, 2025
देपालपुर। वीरांगना पुरी मां कीर की 314वीं जयंती पर गुरुवार को देपालपुर में आस्था और उत्साह का ऐतिहासिक संगम देखने को मिला। नगर पूरी तरह भगवामय नजर आया। समाजजन, मातृशक्ति, युवा और हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए वीरांगना के शौर्य, पराक्रम और त्याग को नमन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मल्हार बाग से निकली भव्य शोभायात्रा से हुआ, जो बनेडिया नाका, मंगलेश्वर मार्ग, विजय स्तंभ चौक, चमन चौराहा और बस स्टैंड होते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। पूरे मार्ग में शोभायात्रा का पुष्प वर्षा और केसरिया दुपट्टों से भव्य स्वागत किया गया।
ढोल-नगाड़ों की गूंज, बग्गी पर सजी वीरांगना पुरी मां कीर की झांकी और भगवा ध्वजों से सजी सड़कों ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं और बालिकाओं ने “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, खुद को जगा दो, नशे को भगा दो, “मां चाहिए, पत्नी चाहिए, फिर बेटी क्यों नहीं चाहिए” जैसे संदेशों के साथ समाज में जागरूकता का आह्वान किया।
मुख्य कार्यक्रम स्थल पर कन्या पूजन और राष्ट्रगान के साथ जयंती समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इसके बाद वीरांगना पुरी मां कीर की भव्य आरती की गई। उपस्थित भक्तों ने दीप प्रज्ज्वलित कर वीरांगना के अदम्य साहस, बलिदान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को नमन किया।
इस अवसर पर कीर समाज के संरक्षक एम.पी. पटेल, प्रदेश अध्यक्ष कोमलसिंह वानिया (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त), कीर समाज युवा प्रदेश अध्यक्ष तेजू बाबा कीर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भागीरथ दायमा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामप्रसाद कीर, मानसिंह पटेल, गुलाब बाबई, आशीष कीर सहित समाज के वरिष्ठजन और हजारों समाजबंधु उपस्थित रहे।
समाज नेतृत्व ने बताया कि देपालपुर में पहली बार कीर समाज द्वारा इतनी विशाल और इतिहास रचने वाली भगवा शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे नगर में नई ऊर्जा और एकता का संदेश दिया।
पूरे कार्यक्रम ने देपालपुर को एकता, श्रद्धा, संस्कृति और उत्साह के रंगों से सराबोर कर दिया। जयंती न केवल वीरांगना पुरी मां कीर के शौर्य को याद करने का अवसर बनी, बल्कि समाज में बेटी शिक्षा, नारी सम्मान और सामाजिक जागरण का संदेश भी बुलंद करती रही।
आयोजन के समापन पर समाजजन ने एक स्वर में घोषणा की कि आने वाले वर्षों में भी यह समारोह और अधिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन