एसडीएम से की कड़ी कार्रवाई की मांग : फर्जी शिकायतों के खिलाफ कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का प्रदर्शन
Thu, Jan 29, 2026
देपालपुर। विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पोलिंग बूथों पर फर्जी शिकायतों के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने के प्रयासों को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। मोती सिंह पटेल, पूर्व अध्यक्ष इंदौर सहकारी दुग्ध संघ के नेतृत्व में एक कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी देपालपुर विधानसभा राकेश मोहन त्रिपाठी से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि देपालपुर विधानसभा के अधिकांश पोलिंग बूथों पर सुनियोजित तरीके से फर्जी शिकायतें की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाना है। इस पर प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि भविष्य में किसी भी शिकायत पर कार्रवाई से पहले शिकायतकर्ता का पता प्रमाण (एड्रेस प्रूफ) और मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से लिया जाए। साथ ही निर्वाचन कार्यालय में पूर्व में की गई फर्जी शिकायतों के संबंध में सीसीटीवी कैमरों की वीडियो फुटेज निकलवाकर जांच करने और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की गई। इस प्रतिनिधिमंडल में राजेश बढ़वाया, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस देपालपुर, संतोष ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत देपालपुर, जितेंद्र सिंह ठाकुर, पार्षद, जगदीश बढ़वाया, मिथिलेश जोशी, दिलीप खेर, अमित पटेल, लोकेश सिसोदिया, मुस्ताक खान सहित वे लोग भी शामिल थे, जिनके नाम से झूठी शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। सभी ने संयुक्त रूप से एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर लिखित शिकायत दर्ज करवाई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश बढ़वाया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी और इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के नेतृत्व में निर्वाचन कार्यालय देपालपुर का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची की शुद्धता और निष्पक्षता अत्यंत आवश्यक है, और किसी भी प्रकार की साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कृषक कल्याण वर्ष 2026: देपालपुर में किसान जागरूकता कार्यक्रम : 65 पंचायतों में चल रहा अभियान, आजंदा–अटावदा–नेवरी में हुआ आयोजन
Thu, Jan 29, 2026
देपालपुर। कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में 11 जनवरी से 10 फरवरी 2026 तक विकासखंड देपालपुर की 65 ग्राम पंचायतों में चल रहे विशेष किसान जागरूकता अभियान की श्रृंखला में गुरुवार को ग्राम पंचायत आजंदा, अटावदा एवं नेवरी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50–60 किसान, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी शामिल हुए। आयोजन में कृषि विज्ञान केंद्र, इंदौर से कृषि वैज्ञानिक श्री अरुण कुमार शुक्ला, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जितेंद्र चारेल, कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती सुरभि वर्मा सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कृषि वैज्ञानिक श्री शुक्ला ने किसानों को फसलवार सही समय पर उर्वरकों के उपयोग, संतुलित पोषण प्रबंधन तथा किसानों के प्रश्नों के व्यावहारिक समाधान बताए। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री चारेल ने उर्वरक वितरण की नवीन प्रणाली की जानकारी देकर पारदर्शी व सुगम आपूर्ति व्यवस्था पर प्रकाश डाला। वहीं कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती सुरभि वर्मा ने विभागीय योजनाओं, नरवाई प्रबंधन एवं पर्यावरण-संरक्षण से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक खेती, सरकारी योजनाओं और संसाधनों के प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा, जिससे क्षेत्र में उत्पादकता एवं आयवृद्धि को गति मिल सके।
संलग्न फोटो:-